कलायत। कैथल के इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कुमार व केसरी कुश्ती प्रतियोगिता में गांव कुराड़ के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 350 पहलवानों ने विभिन्न आयु और वजन वर्गों में हिस्सा लेकर दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के प्रमुख खिताबों में भी कुराड़ के पहलवानों का दबदबा रहा।
बिंदू बिला ने जिला केसरी और रविंद्र बबलू ने कैथल कुमार का खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला वर्ग में तनु कैथल कुमारी बनीं। इसके अलावा गांव कुराड़ के 14 महिला और पुरुष पहलवान अपने-अपने वजन वर्ग में प्रथम रहे। प्रतियोगिता में गांव कुराड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पीटीआई सुखदेव सिंह ने मुख्य अतिथि रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुमार और केसरी दो प्रमुख खिताबों के लिए मुकाबले करवाए गए। विभिन्न वर्गों में पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। इस मौके पर कुश्ती कोच हरीश कुमार, मनदीप कुमार, विमल कोच, सुरेंद्र पाडला, कोच रानी, कोच विनी, विजय कुमार व अन्य मौजूद रहे।