संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा मुक्ति के लिए जारी जंग को और प्रभावी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस-1933’ की शुरुआत की है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहेगी। इस पहल का उद्देश्य भारत को जल्द से जल्द नशामुक्त बनाना है। यह जानकारी एसपी आस्था मोदी ने दी।
उन्होंने बताया कि मानस-1933 हेल्पलाइन के जरिए आमजन ड्रग तस्करी, नशा सेवन और इससे जुड़ी गतिविधियों की गोपनीय सूचना साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। इसके साथ ही इस हेल्पलाइन के माध्यम से काउंसलिंग और पुनर्वास सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
कैथल पुलिस भी इस अभियान से जुड़ी ः एसपी आस्था मोदी ने कहा कि इस मुहिम से कैथल पुलिस भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है। जिले में नशा विरोधी अभियान को और प्रभावशाली बनाने के लिए मानस-1933 पर प्राप्त सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस हेल्पलाइन नंबर को अधिक से अधिक प्रचारित करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।
एसपी ने बताया कि कैथल पुलिस की विभिन्न टीमें नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत आमजन से संवाद कर रही हैं, और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैला रही हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की है।
एसपी ने कहा कि सरकार का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन के साथ-साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। मानस-1933 हेल्पलाइन न केवल तस्करों पर सख्ती से कार्रवाई करने का माध्यम बनेगा, बल्कि यह उन लोगों के लिए भी एक नई उम्मीद साबित होगाख् जो नशे की गिरफ्त में हैं और इससे बाहर निकलना चाहते हैं।