संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजकीय महाविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। ये प्रतियोगिता तीन दिन तक चलगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यातिथि विश्व चैंपियनशिप एवं एशियन खेलों की पदक विजेता मनीषा मौण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।
मनीषा मौण ने कहा कि खेल हमारे व्यक्तित्व का विकास करने में बहुत योगदान देते हैं। युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप खेलों का चुनाव कर उसमें कठिन परिश्रम करना चाहिए। इस प्रतियोगिता में खास बात है कि इसमें महिला खिलाड़ी अधिक रुचि ले रही हैं। बॉक्सिंग में 65 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं और 48 पुरुष खिलाड़ी भी इसमें शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भांबू ने मुख्यातिथि का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। उन्होंने प्रतिभागियों को मनीषा मौण से प्रेरणा लेने के लिए भी प्रेरित किया। डॉ. भांबू ने कहा कि आज के समय में जो युवा खेलों के प्रति समर्पित है, वही देश-दुनिया में माता-पिता और देश का नाम रोशन कर सकता है।
विभिन्न भार वर्ग के प्रतिभागियों नें अपने-अपने भार वर्ग में अपने दमखम के साथ प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाया। यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। आज की प्रतियोगिता में नॉकआउट आधार पर कुल 43 बाउट खेले गए। विजेता प्रतिभागी आने वाले दो दिनों में अपनी फाइनल बाउट खेल कर जीत के लिए अपना दम दिखाएंगे।
इस अवसर पर बाहर से आए विशिष्ठ अतिथियों में डॉ. कुलदीप बैनिवाल, डॉ. कुलदीप थिंड, डॉ. रणधीर सिंह, डॉ. उपेंद्र ने शिरकत की। प्रशिक्षक एवं अधिकारीगण में डॉ. बृजेंद्र सिंह ढांडा, डॉ. विक्रम ढुल व स्वीटी ने प्रतियोगिताओं का बारीकी से विश्लेषण कर प्रतिभागियों को जांचा। इस मौके पर प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. सुशील कुमार भी मौजूद रहे।