मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे गांव चौशाला के लोगा। संवाद
कलायत। गांव चौशाला के तालाबों से गंदे पानी की निकासी, अधूरे सुंदरीकरण व तालाबों पर हुए अवैध कब्जों को हटवाने के लिए ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीण बलविंद्र, सुरेंद्र चौशाला, टीका राम, इंद्र, राजेंद्र, जसवंत, काला, लिछमन और भीरा राम व अन्य ने कहा कि उनके गांव में दो तालाब हैं। दोनों की तालाबों से गंदे पानी की निकासी न होने के कारण वे पूरी तरह से सड़ चुके हैं। तालाबों पर हुए अवैध कब्जों के कारण उनका आकार भी छोटा हो चुका है। वर्षों पूर्व सरकारी योजना के अनुसार जो तालाबों के सुंदरीकरण का कार्य शुरू हुआ था वह भी अधूरा ही पड़ा है। इन मांगों के लिए खंड विकास अधिकारी को शिकायत दी थी जिस पर कानूनगो व तहसीलदार की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री पटल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई जिस पर भी काई कार्यवाही नहीं हुई। बलविंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत भेजी गई थी। उसके अनुसार खसरा नंबर 168/2, 169/1 पर जो तालाब है, उस पर गांव के लोगों ने अवैध कब्जे करके मकान तक बना रखे हैं। इसके कारण तालाब से पानी की निकासी पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाबों में न तो शुद्ध जल का भराव हो रहा है और न ही गंदे पानी की निकासी हो रही है। तालाब के गंदे पानी को पीने से पशु बीमार हो रहे हैं और गांव में बीमारी फैल रही है। इस मामले के लिए ग्रामीण बार-बार तहसील व खंड विकास व पंचायत अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं पर कोई समाधान नहीं मिल रहा।
मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे गांव चौशाला के लोगा। संवाद