फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: पूंडरी क्षेत्र में रिहायशी इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
अवैध पटाखा
विज्ञापन
कैथल। अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए कलायत पुलिस ने पूंडरी क्षेत्र के फतेहपुर में एक अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को काबू किया, जो बिना किसी लाइसेंस या परमिट के रिहायशी इलाके में पटाखे तैयार कर रहे थे। पुलिस ने मौके से तैयार पटाखों की 55 पेटियां, कच्चा माल, पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, पैकिंग का सामान और एक टाटा पिकअप वाहन बरामद किया है।
विज्ञापन

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सीआईए कलायत की अगुवाई में 13 अक्तूबर को अपराध शाखा कलायत में तैनात मुख्य सिपाही को गुप्त सूचना मिली थी कि पूंडरी के पास फतेहपुर स्थित एक फैक्टरी में अवैध तरीके से बम-पटाखे बनाए जा रहे हैं। सूचना के अनुसार फैक्टरी में काफी मात्रा में पटाखों का निर्माण किया जा रहा था और संचालकों के पास इसके लिए कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए रेडिंग पार्टी तैयार की।

पुलिस टीम जब पूंडरी क्षेत्र के फतेहपुर स्थित फैक्टरी में पहुंची तो बाहर खड़ी टाटा पिकअप में तैयार पटाखों की पेटियां मिलीं। इसके बाद फैक्टरी के अंदर जांच की गई, जहां कुछ व्यक्ति पटाखे बनाते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद छह व्यक्तियों को काबू कर उनसे पूछताछ की। आरोपियों से पटाखे बनाने और भंडारण करने संबंधी लाइसेंस या परमिट मांगा गया लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान फायर ब्रिगेड विभाग को भी मौके पर बुलाया गया। पूंडरी के फायर ब्रिगेड प्रभारी एलएफएम कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने पिकअप में रखी पेटियों में से एक पेटी खोलकर जांच की। इसमें बम-पटाखे होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड अधिकारी और अन्य कर्मचारियों की सहायता से बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से नीचे उतरवाकर उसकी गिनती और जांच की। टाटा पिकअप से तैयार व पैकिंग की हुई 22 पेटियां और फैक्टरी के अंदर से 33 पेटियां बरामद हुईं। इस प्रकार कुल 55 पेटियां तैयार पटाखों की मिलीं।
विज्ञापन

-
इसके अतिरिक्त फैक्टरी से सफेद रंग का पाउडर, भीगा हुआ सफेद पदार्थ, लाल रंग का गीला पदार्थ और सफेद व लाल पाउडर व बजरी का मिश्रण बरामद हुआ। मौके से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई। इसमें वाल पुट्टी के 10 कट्टे, सफेद बजरी के छह कट्टे, पटाखों की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले खाली गत्ते की 47 पेटियां और प्लास्टिक की छोटी डिब्बियों वाली दो गत्ते की पेटियां शामिल हैं। पुलिस की ओर से काबू किए गए आरोपियों की पहचान अमर उर्फ सोंटी और गोल्डी दोनों निवासी धोस, मोहित निवासी पूंडरी, गुरजीत निवासी गांव दंदोल्ला, जिला पानीपत, सुंदर सिंह निवासी गांव करोड़ा और ओमपाल पुत्र सतपाला निवासी पूंडरी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पूंडरी में प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस की ओर से नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
...........................

जनवरी से अब तक पांचवीं कार्रवाई, सितंबर में मिली थीं 571 पेटियां
जिले में जनवरी से अब तक अवैध रूप से पटाखे बनाने और रखने के मामलों में पुलिस की यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई में पटाखों के साथ ज्वलनशील पदार्थ और निर्माण सामग्री भी बरामद हुई।
9 जनवरी : पूंडरी की दिग्गा कॉलोनी में पटाखा फैक्टरी पर कार्रवाई कर राजेंद्र सिंह को पकड़ा गया। यहां दर्जनभर से अधिक पटाखे बरामद हुए।
11-12 फरवरी : काकौत रोड, पूंडरी में बरसाना निवासी सुशील कुमार को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 20 क्विंटल 52 किलो चटर-पटर पटाखे, ज्वलनशील विस्फोटक सामग्री और 342 प्लास्टिक पल्लियां बरामद हुईं।
12-13 अप्रैल : कैथल के आंबेडकर नगर में असंध निवासी राजेंद्र कुमार को पकड़ा गया। उसके पास से छोटे पटाखों के साथ करीब 30 किलो ज्वलनशील पदार्थ मिला।
13 सितंबर : करनाल रोड पर पत्थर मार्केट के सामने रोहित, सलमू, शलोक और राजिंदर को गिरफ्तार किया गया। यहां 571 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 40 छोटे पैकेट थे। इस हिसाब से करीब 22,840 पैकेट पटाखे बरामद किए गए।
5 अक्तूबर : गांव बात्ता में अंकित और सोमपाल को गिरफ्तार कर कुल 134 पेटियां बरामद की गईं। इनमें 84 पेटियां वाहन और 50 फैक्टरी से मिलीं।
2025 में 10 कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार
पिछले वर्ष 25 मार्च से 20 दिसंबर तक जिले में अवैध पटाखों के खिलाफ 10 कार्रवाई हुई थीं। इनमें पूंडरी में छह, सिविल लाइन में दो और राजौंद और कलायत में एक-एक कार्रवाई की गई थी। इन मामलों में कुल 4,863.451 किलो पटाखे बरामद किए गए और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें