संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रेम विवाह के बाद न्यायालय में सुरक्षा की अर्जी लेकर आई एक युवती को उसके परिजन वहां से ले गए। प्रेमी ने युवती के परिजनों पर युवती के अपहरण का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जिले के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को शिकायत दी कि वह एक युवती से प्रेम करता है और 26 नवंबर को उसके साथ नरवाना क्षेत्र के एक मंदिर में शादी कर ली। इस शादी से युवती के परिजन राजी नहीं थे। वह युवती के साथ 26 नवंबर को कैथल कोर्ट में सुरक्षा और स्वतंत्रता की अर्जी लेकर आया था, लेकिन उसके परिजन युवती को कैथल से अपहरण कर ले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवती अर्थात उसकी पत्नी को परिजनों से खतरा है।
जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।