संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने सोमवार को स्थानीय सामाजिक संस्थाओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ की आपात स्थिति आए तो संस्थाएं सहयोग के लिए तैयार रहें।
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं के साथ आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और भविष्य की आपात स्थितियों से निपटने के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि घग्गर का जल स्तर खतरे के निशान से नीचे बह रहा है। यदि जल स्तर बढ़ता है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होती है तो उससे निपटने के लिए प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी है। संबंधित विभाग घग्गर के जल स्तर की एक-एक मिनट की मॉनीटिरिंग कर रहे है। जहां भी जल रिसाव की आंशका दिखाई देते है, वहां मिट्टी के कट्टे व जेसीबी की मदद से जल रिसाव को बंद किया जा रहा है।
एसडीएम ने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति में स्थानीय संसाधनों और सामाजिक संस्थाओं की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी संस्थाओं से आह्वान किया कि यदि बाढ़ जैसी स्थिति बनती है, तो वे अपनी तैयारियां पूरी रखें। बाढ़ से प्रभावित लोगों तक राशन, पीने का पानी, दवाईयां आदि खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए अपनी तैयारी रखें, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
एसडीएम ने आमजन से अपील की वे गलत अफवाह न फैलाएं। घर में राशन, पीने के पानी, व अन्य खाद्य सामग्री को स्टोर करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। आमजन प्रशासन का सहयोग करें। इस मौके पर नायब तहसीदार बंसी लाल, प्रवीण कुमार कानूनगों, मौजूद रहे। संवाद