संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पति को पिटवाकर 82 हजार रुपये और सोने की अंगूठी छीनने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर राजौंद थाना पुलिस ने पीड़ित की पत्नी के साथ सास और चार अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पाई गेट पूंडरी निवासी दिलावर ने बताया कि उसकी पत्नी रितू ने उसके खिलाफ खर्चे का केस किया हुआ है। 20 जनवरी को वह पूंडरी से असंध अदालत में पेशी के लिए गया था। जब वह अदालत के मुख्य द्वार पर पहुंचा तो बाहर सास बाला देवी खड़ी थी, जबकि उसकी पत्नी रितू देवी थोड़ी दूरी पर फोन पर बात कर रही थी।
दिलावर ने बताया कि अदालत में हाजिरी लगाने के बाद वह असंध के जींद चौक से होते हुए अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि उसकी पत्नी और सास एक अन्य व्यक्ति के साथ चल रही थीं और फोन पर बात करते हुए उसकी ओर इशारा कर रही थीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी पत्नी ने कहा कि यही व्यक्ति है, जिसे पहले जेल में डलवाया था और अब दोबारा झूठे मामले में फंसाएंगे। वहीं उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने कहा कि आज ही इसे देख लेंगे। इसके बाद पत्नी और सास ने उसी समय असंध थाने में एक कथित झूठी शिकायत दे दी। असंध थाना पुलिस की ओर से उसके पिता को फोन कर बताया गया कि दिलावर की पत्नी और सास ने उसके खिलाफ शिकायत दी है और उसे थाने भेजा जाए। इस पर उसके पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पहले ही अदालत में पेशी के लिए गया हुआ है। दिलावर से पूंडरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान राजौंद–पूंडरी सेरधा रोड के बीच एक कार में सवार चार युवक आए और उसकी बाइक रुकवा ली। दिलावर ने बताया कि उनमें से एक युवक को वह पहचानता है, जिसे उसने पहले असंध में अपनी पत्नी और सास के साथ देखा था।
आरोप है कि चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पास से 82 हजार 330 रुपये नकद व सोने की अंगूठी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने राजौंद थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर पत्नी, सास सहित कुल छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सतपाल राजौंद थाना प्रभारी