कैथल। कलायत में दहेज हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतका के पति आरोपी कलायत निवासी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यूपी के जिला मेरठ निवासी रामबीर की शिकायत अनुसार उसकी तीन बेटियां व एक बेटा है। दो बेटियों सपना व मुस्कान की शादी 14 नवंबर 2021 को कलायत निवासी अमित व सोनू के साथ की थी। ससुराल वाले उसकी बेटियों को दहेज के लिए तंग करते थे। कई बार मारपीट भी की।
दोनों बेटियां बताती थीं कि सास पिंकी, ससुर किरनपाल व पति अमित और सोनू दहेज लाने की मांग करते हुए उनको पीटते हैं। 22 अक्तूबर शाम को बेटियों ने बताया कि चारों आरोपी उन्हें धमकी दे रहे हैं कि अपने मायके से 10 लाख रुपये लेकर आओ या फिर यहां से निकल जाओ। बड़ी बेटी मुस्कान ने 10 लाख रुपये लाने मना कर दिया। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने मुस्कान को फंदे पर लटका कर हत्या कर दी। बेटी सपना ने छुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। इस बारे में थाना कलायत में मामला दर्ज कराया गया था। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। संवाद