संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। करीब 26 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट करने, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ पूंडरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब छह महीने पहले राजीव नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ समय तक पति का व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति कैश और बाइक लाने की मांग करता था और इसी बात को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति उसे थप्पड़ और मुक्कों से पीटता था तथा कई बार देर रात घर से बाहर भी निकाल देता था। इस संबंध में पीड़िता के परिजनों ने भी कई बार आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी। अंत में पति ने साफ कह दिया कि जब तक वह दहेज नहीं लाएगी, तब तक उसे घर में नहीं रखेगा। फिलहाल पीड़िता अपने मायके में रहने को मजबूर है।
इस मामले में पूंडरी थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि विवाहिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।