तीन दिन की बारिश के बाद फिर उमस सताने लगी है। जिले में 12 जुलाई से इस सीजन के पहली बारिश हुई। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक बारिश हुई। इससे धान की फसलों में पानी की पर्याप्त मात्रा हुई। इसके साथ ही बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली थी। वहीं, बीते दो दिनों से फिर उमस भरी गर्मी लोगों को सताने लगी है। तीन दिन बारिश होने से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन बीते दो दिनों से तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद ने बताया कि मानसून टर्फ उत्तर की तरफ आने, बंगाल की तरफ से नमी वाली पुरवाई हवाएं, अरब सागर पर बने एक कम दबाव का क्षेत्र से दक्षिण पश्चिमी मानसूनी हवाएं हरियाणा में 18 जुलाई से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में फिर से सक्रिय होने की संभावना है। जिससे राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 18 जुलाई रात्रि से 21 जुलाई के बीच तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछेक स्थानों पर तेज बारिश भी होने की संभावना है। अब तक हरियाणा में भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 16 जुलाई तक 104.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। जो सामान्य बारिश 126.4 मिलीमीटर से 18 प्रतिशत कम है।