कैथल। हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला ने संत धन्ना भगत की जयंती कार्यक्रम की तैयारी पर लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन की तैयारी पर समीक्षा की। साथ ही कहा कि संत श्री धन्ना भगत की राज्य स्तरीय जयंती मनाने के लिए लोगों में भारी उत्साह है।
उन्होंने कहा कि संतों ने समाज के सभी वर्गों के लिए सेवा करने की प्रेरणा देते हुए अनुकरणीय छाप छोड़ी है। हमें उनके जीवन चरित्र से सेवा और समर्पण की सीख लेकर समाज की सभ्य संरचना में बेहतर योगदान देने की जरूरत है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वेदपाल, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, मीडिया कोऑडिनेटर रणदीप घनघस मौजूद रहे।
इस दौरान चेयरमैन सुभाष बराला ने कहा कि 21 से 23 अप्रैल तक जिला के गांव धनौरी में धन्ना भगत की जयंती बड़ी धूम-धाम से मनाई जाएगी। आगामी 23 अप्रैल को भारत के उप राष्ट्रपति जगदीश धनखड़ समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के दृष्टिगत जहां एक और पार्टी प्रबंधन पूरी व्यवस्था को कार्यरूप में परिणत करने में जुटा है, वहीं दूसरी और जिला प्रशासन के अधिकारी भी संदर्भित विषय को लेकर अपनी ड्यूटी को अमली जामा पहना रहे हैं।
वर्तमान हरियाणा सरकार ऐसी पहली सरकार है जो धन्ना भगत की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने जा रही है। 21 से 23 अप्रैल तक धन्ना जाट से लेकर संत धन्ना भगत तक के जीवन चित्र पर प्रकाश डालती हुई प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समारोह स्थल पर आध्यात्मिक और पौराणिक परिवेश को प्रदर्शित और परिभाषित करता हवन यज्ञ भी किया जाएगा। इसके साथ-साथ एक विशाल भंडारा भी लगाया जाएगा, इतना ही नहीं हमारी भगवान में अटूट आस्था को परिभाषित करते सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।