संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। हुड्डा वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर नंबर 3 की बैठक रविवार देर शाम योगशाला परिसर में आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र की अनेक ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में लगातार हो रही चोरी व झपटमारी की घटनाओं, खस्ताहाल सड़कों, वर्षों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, जगह-जगह लीक हो रहे सीवरेज और गंदे पानी की निकासी की समस्याओं पर चिंता जताई गई।
बैठक की अध्यक्षता डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने की। बैठक में सर्वसम्मति से सात सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व पुन्नू राम गर्ग करेंगे। अन्य सदस्यों में रिटायर्ड डीएसपी अशोक कुमार, भोजराज बिंदलिश, डॉ. दिनेश भारद्वाज, राजेश जैन, पिंटू शर्मा और पुरषोत्तम गर्ग शामिल हैं।
कोर कमेटी के सदस्य सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष रेखा रानी से मिले और क्षेत्र की समस्याएं उनके समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि सेक्टर में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्ट्रीट लाइटें कई वर्षों से बंद पड़ी हैं और सीवरेज सिस्टम पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे गंदा पानी खुले प्लॉटों और सड़कों पर बहता रहता है। निवासियों ने मांग की कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
ध्यक्ष रेखा रानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही स्वयं सेक्टर का दौरा करेंगी और सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाई जाएंगी।