हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक के चुनाव संपन्न होने के बाद कमेटी का नया प्रधान बनाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के अंबाला रोड स्थित एक निजी पैलेस में प्रबंधक कमेटी के चुनाव में आजाद प्रत्याशी के तौर चुनाव लड़ने के बाद जीत दर्ज करने वाले सदस्यों ने गुप्त बैठक की।
यह बैठक लगातार पांच घंटे तक जारी रही, लेकिन इस बैठक में भी कमेटी के प्रधान पद के चयन को लेकर बात नहीं बन पाई। हालांकि बैठक में हिस्सा लेने वाले सदस्यों ने दावा किया कि उनकी ओर से बनाए गए अकाल पंथक मोर्चा में 25 सदस्य हैं। वहीं, इस बैठक में 19 सदस्य शामिल हुए थे। बता दें कि इससे पहले सिरसा में भी इन सदस्यों ने बैठक की थी। इस बैठक में भी नया प्रधान बनाने पर विचार विमर्श किया गया था।
इस बैठक के बाद सदस्य प्रकाश सिंह साहूवाला ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस बैठक में पिछली बैठक की समीक्षा की गई। कहा कि उनके पास 25 सदस्य हैं और उनका परिवार पूरा हो गया है। उन्होंने अन्य दलों से भी जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों को भी एकजुट होने का आह्वान किया।
साहूवाला ने अपील करते हुए कहा कि जीत दर्ज करने वाले सभी सदस्य एक साथ आकर गुरु घरों की सेवा करें। साथ आने के बाद वे सिख समाज की आवाज उठाने और गुरुघरों की सेवा करने की दिशा में कार्य करें। यह भी कहा कि जो सदस्य उनके साथ आए। वह इस बात का जरूर ध्यान रखें कि वे अपनी गले की तख्ती यानि दूसरे दलों का टैग उतारकर उनके साथ आए। बताया कि जो अकाल पंथ दल बना है, उसमें सभी सदस्य साथ आएं।