लघु सचिवालय के पास पिकअप चालक ने गाड़ी को बंद फाटक पर दे मारा। इससे रेलवे फाटक टूट गया। जिस समय हादसा हुआ उस समय फाटक बंद था क्योंकि ट्रेन गुजरने वाली थी। पिकअप की टक्कर से फाटक टूट गया। इससे लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे कर्मचारियों को लोहे की चेन लगाकर ट्रैफिक को रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दोपहर दो बजे कुरुक्षेत्र से जींद जाने वाली यात्री गाड़ी के आगमन के चलते रेलवे कर्मचारियों ने फाटक बंद कर दिया। इस बीच शहर की ओर से आए एक पिकअप चालक ने फाटक में सीधी टक्कर दे मारी। टक्कर के कारण वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आनन-फानन में पिकअप को रुकवाकर ट्रैक के निकट से हटवाया तथा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रेलवे कर्मचारियों ने लोहे की चेन से ट्रैफिक को रोका। इस गाड़ी के गुजर जाने के बाद जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली यात्री गाड़ी का समय हो गया। इस कारण यहां जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया तथा रेलवे कर्मचारियों से पूरे मामले की जानकारी हासिल की। गेटमैन प्रेमचंद ने बताया कि एक पिकअप चालक ने रेल के फाटक को टक्कर मारकर उसे तोड़ दिया।
तंग फाटक के कारण पहले भी हो चुके हैं हादसे
रेलवे फाटक के तंग होने के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। इन हादसों और जाम से मुक्ति के लिए रेलवे फाटक को चौड़ा करने का काम लगभग पूरा हो गया है लेकिन इसे शुरू नहीं करवाया जा सका है। जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।