कैथल। अंबाला रोड स्थित हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में नेहरू युवा केंद्र ने क्षेत्रीय युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई। इनमें हिम्मत, दिव्या, महवेश, आर्यन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में सांसद नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं का अहम रोल होता है। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केंद्र के हमारे युवा साथी युवाओं के अंदर फैली हुई जो कुरीतियां नजर आती है उन्हें टारगेट करके समाधान करने का काम करते हैं। यह संस्था समाज के लोगों को समय-समय पर कार्यक्रम करके जागरूक करने का काम करती है, जोकि काफी बेहतरीन कार्य है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंच प्रण द्वारा देश को आगे बढ़ाने के लिए मूलमंत्र दिए हैं। इन पंच प्रण में विकसित भारत का उद्देश्य, एकता एवं एकजुटता, गुलामी की हर सोच से मुक्ति, नागरिक कर्तव्य व विरासत पर गर्व शामिल हैं। युवा अपनी सोच को सकारात्मक रूप के साथ अपने देश के प्रति देश भक्ति की भावना रखते हुए कार्य करना चाहिए, ताकि हमारा देश विकसित देश बन सके।
इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र की जिला समन्वयक दीक्षा मिश्रा ने सांसद का स्वागत करते हुए कहा कि नेहरू युवा केंद्र समय-समय पर कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करता है। युवाओं की प्रतिभा को निखारने व उनके प्रदर्शन के लिए केंद्र द्वारा कार्य किए जाते हैं। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व स्कूलों का सहयोग रहता है। ग्रामीण क्षेत्र में भी युवा मंडलियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नशा मुक्ति, स्वच्छता व अन्य सरकार की स्कीमों के संदर्भ में जागरूक करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, एसडीएम संजय कुमार, आदित्य भारद्वाज, समन्वयक दीक्षा मिश्रा, कर्मबीर फौजी, नवीन गोयल, सुनील, कर्मबीर कौल, हरि मिश्रा, प्रद्युम्मन भल्ला, महेंद्र खन्ना, सुशील, महीपाल पठानिया, वंदना शर्मा, पीएल भारद्वाज, धर्मबीर, लक्षित जैन, विक्रम, दीपक शर्मा मौजूद रहे।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
नेहरू युवा केंद्र की जिला समन्वयक दीक्षा मिश्रा ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र ने मोबाइल फोटोग्राफी, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। कविता लेखन में हिम्मत प्रथम, आशा रानी द्वितीय, सुधा तृतीय स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय, दिनेश तृतीय स्थान पर रहा। पेंटिंग प्रतियोगिता में महवेश प्रथम, अंजली द्वितीय, राहुल तृतीय स्थान पर रहा। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम आर्यन, शुभम द्वितीय, हिमांशु तृतीय स्थान पर रहा। डांस प्रतियोगिता में अरचि एंड ग्रुप प्रथम, खुशी एंड ग्रुप द्वितीय तथा सुमन एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा।