संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में हेपेटाइटिस बी व सी अर्थात काला पीलिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में अब तक करीब 14 हजार से अधिक केस आ चुके हैं। इनमें गुहला में चार हजार तो कलायत व राजौंद में पांच हजार केस इस बीमारी के हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। प्रतिदिन तीन से चार नए मरीज सामने आ रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गुहला व कलायत में भी मरीजों को दवाइयों की सुविधा देने का निर्णय विभाग ने लिया है। मरीजों को जांच के लिए तो नागरिक अस्पताल आना पड़ेगा, लेकिन दवाइयां घर के नजदीक ही मिलेंगी।
गौरतलब है कि कलायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लैब में काला पीलिया के मरीजों की जांच हो रही है। इससे पहले कैथल के नागरिक अस्पताल में जांच होती थी, लेकिन यहां सैंपल किट खत्म होने के कारण लोगों को परेशानी आ रही है। सैंपल रिपोर्ट भी लोगों को देरी से मिल रही है। वहीं नोडल अधिकारी का यहां से तबादला होने के बाद अब जांच व इलाज का कार्य भी प्रभावित हो गया है।
इस संदर्भ में जिला सिविल सर्जन डाॅ. रेनू चावला ने बताया कि हेपेटाइटिस बी व सी यानि काला पीलिया के इलाज को लेकर गुहला व कलायत के नागरिक अस्पताल में सुविधा शुरू की जाएगी। यहीं पर दवाइयां मिलनी शुरू हो जाएंगी। इससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। मरीजों को घर के नजदीक ही दवाइयां मिल सकेंगी। इससे नागरिक अस्पताल में भी भीड़ कम होगी।