कैथल। जिले के कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया के तहत रविवार को अवकाश के दिन भी हेल्प डेस्क खुला रहा। जहां पर सहयोगियों ने विद्यार्थियों का पाठ्यक्रमों के संबंध में मार्गदर्शन किया। आरकेएसडी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत अब तक कॉलेज में विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों के लिए 1600 पंजीकरण हो चुके हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यबीर मैहला ने कहा कि कॉलेज राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप श्रेष्ठ शैक्षणिक वातावरण प्रदान करती है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. विकास भारद्वाज ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया उच्चतर शिक्षा विभाग के केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित हो रही है। उन्होंने ये भी बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कॉलेज में अब बहु विषयक (मल्टी डिसिप्लिनरी) यूजी पाठ्यक्रमों के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न विषय संयोजनों का चयन करने का अवसर उपलब्ध है, जिससे उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षितिज और अधिक विस्तृत होंगे। उन्होंने कहा कि कॉलेज में हाल ही में कई प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं कंपनियों के साथ एमओयू भी किए हैं, जिसके तहत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के उत्कृष्ट अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
आरकेएसडी कॉलेज अपनी सुदृढ़ अकादमिक प्रतिष्ठा, आधुनिक सुविधाओं और नवाचार-प्रधान पाठ्यक्रम के माध्यम से न केवल हरियाणा, बल्कि आसपास के राज्यों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। संवाद