संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नववर्ष पर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वीरवार को सिगमा ग्रुप कैथल की ओर से पिहोवा चौक पर अमूल्य जीवन सुरक्षा के लिए निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कैथल उपासना ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी मौत का कारण बनती है। बाइक चलाते समय हेलमेट ही सुरक्षा कवच होता है।
कार्यक्रम के दौरान एसपी उपासना ने दोपहिया वाहन चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए, वहीं यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को यातायात पुलिस की ओर से गुलाब देकर सम्मानित भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना रहा।
एसपी उपासना ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मौत का सबसे बड़ा कारण हेलमेट न पहनना है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर को गंभीर चोट से बचाता है और जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने अमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।
इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश, यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल, यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा सिगमा ग्रुप के सदस्य भी उपस्थित रहे।
सामूहिक जिम्मेदारी है ः एसपी
एसपी उपासना ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अशोका लीलैंड ड्राइविंग इंस्टीट्यूट में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।