संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। ताऊ देवीलाल पार्क चीका में पतंजलि योग समिति गुहला चीका के तत्वावधान में शुक्रवार को 21 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। प्रमुख समाजसेवी एवं भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष सलिंद्र वाल्मीकि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सेहत हमारा सबसे महत्वपूर्ण धन है। इसलिए इसे हमें हमेशा संजोकर रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट योग करना चाहिए। इससे पूर्व शिविर में 25 से अधिक सदस्यों ने योग प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर में सदस्यों को प्राणायाम, आसन, अष्टांग योग, सूर्य नमस्कार, ध्यान, दिनचर्या, आहार चर्या एवं ऋतु चर्या का महत्व समझाया गया। साथ ही विभिन्न रोगों जैसे हृदय रोग, मोटापा, मधुमेह का योग एवं प्राणायाम से निदान बताया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथि प्रमुख समाजसेवी एवं भाजपा नेता नरेश शर्मा बलबेहडा ने शिरकत की। इस अवसर पर पतंजलि जिला प्रभारी एवं आचार्य हरिओम शोकल ने बताया कि अभ्यर्थियों को 21 दिनों के शिविर में प्राणायाम, आसन, व्यायाम, दंड, बैठक, पतंजलि योग सूत्र, जीवन दर्शन, आयुर्वेद, एक्यूप्रेशर एवं घरेलू उपचारों का प्रशिक्षण दिया गया है। कहा कि 21 दिनों के बाद फिर से 60 घंटे की ट्रेनिंग पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्राप्त कर इन्हें मुख्य योग शिक्षक का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
पतंजलि तहसील प्रभारी चरणदास गुप्ता ने पतंजलि योगपीठ के विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। पतंजलि युवा तहसील प्रभारी महावीर प्रजापत ने कहा कि पतंजलि योग समिति गुहला निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा योग और आयुर्वेद के माध्यम से अनवरत करता रहेगा। हमारे योग शिक्षक विपरीत परिस्थितियों में भी आम जनमानस को रोग मुक्त करने के लिए हर समय तैयार रहते हैं।योग शिविर में युवा भाजपा नेता नरेश शर्मा बलबेहडा, अमरजीत बाजीगर अमित जिंदल विक्की कुमार, रामपाल चावला, रामफल, कुशाल चंद को पतंजलि योग समिति गुहला-चीका का नया सदस्य चुना। इस दौरान सभी सह-योग शिक्षको को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर पतंजलि मीडिया प्रभारी गुरमीत सीड़ा, ईश्वर चंद, जयभगवान, इंद्रमोहन मित्तल, डिंपल कुमार, रविंद्र पाली, सुशील जिंदल, सुंदरलाल जैन, दीपक कुमार भी मौजूद रहे।