संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा रोकने के लिए पुलिस के साथ अब स्वास्थ्य विभाग भी अब विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत उपायुक्त प्रशांत पंवार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम के आयोजन के लिए पत्र जारी किया है।
अब विभाग अपने मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत यह अभियान चलाएगा। इस कार्यक्रम में नशे के खिलाफ विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। उन्हें नशे के दुष्प्रभाव बताने के साथ खतरे आदि के बारे में समझाया जाएगा।
इस संदर्भ में विभाग ने मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिकित्सकों की ड्यूटियां लगा दी हैं। इस कार्यक्रम में मनोरोग कार्यक्रम में कार्य कर रहे डॉ. विनय गुप्ता और नर्सिंग ऑफिसर प्रीति रानी सहित अन्य चिकित्सक भी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक करेंगे।
गौरतलब है कि जिले भर में 595 सरकारी स्कूल हैं। इसमें से 165 स्कूल माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक है।
इस समय सरकार के आदेशों पर पुलिस प्रशासन की तरफ से नशा मुक्ति अभियान चलाया है। पुलिस प्रशासन ने डीएसपी कुलदीप बैनीवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है। इसमें पुलिस कर्मी रामलाल, सुभाष और सुनील लगातार लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। यह टीम जिले में प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में पहुंचकर विद्यार्थियों व स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दे रही हैं।
जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि उपायुक्त प्रशांत पंवार ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत ही मनोरोग कार्यक्रम में कार्य कर रहे चिकित्सकों व नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। यह टीम अब जिले के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियाें को जागरूक करेगी।