राजौंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रदेश सरकार के तत्वावधान में एक विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुलाना मेडिकल कॉलेज से आए चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 150 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं। शिविर के दौरान दंतरोग, आंख, कान-नाक-गला (ईएनटी) सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। मरीजों को सभी प्रकार की जांच, एक्स-रे और दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. संदीप ने बताया कि यहां स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें मुलाना मेडिकल कॉलेज से चिकित्सकों की टीम विशेष रूप से भेजी गई है। उन्होंने बताया कि शिविर सुबह से लेकर शाम चार बजे तक आयोजित किया गया। इसमें सभी सेवाएं निशुल्क दी जा रही हैं। शिविर में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रोगों के अनुसार अलग-अलग डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई। सीएचसी राजौंद के डॉक्टरों, एएनएम, जीएनएम और अन्य स्टाफ ने मरीजों को जांच व दवाइयां प्राप्त करने में हर संभव सहायता प्रदान की।