कैथल। गांव तारागढ़ निवासी सुभाष अपने घर में भैंसों के बरामदे में अवैध शराब की भट्ठी चला रहा था। थाना राजौंद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 40 बोतल अवैध शराब और 100 लीटर लाहन बरामद किया। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि थाना राजौंद की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुभाष अपने घर के बरामदे में भट्ठी लगाकर अवैध शराब निकालने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव तारागढ़ में आरोपी के मकान पर दबिश दी। वहां भैंसों के बरामदे में शराब की भट्ठी चलती मिली। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दो गैस सिलेंडर, चलती भट्ठी, लोहे के तीन तसले और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में प्राथमिकी दर्ज की गई है।