ढांड। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व: ईश्वर सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर बाबू अनंत राम जनता काॅलेज कौल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्रबंध समिति के प्रधान एवं पूर्व विधायक तेजवीर सिंह ने स्व: ईश्वर सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हवन का आयोजन किया गया। जिसमें गणमान्य व्यक्तियों तथा स्टाफ सदस्यों ने आहुति डाली। इस अवसर पर स्व: ईश्वर सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए तेजवीर सिंह ने कहा कि वे केवल एक नेता ही नहीं, बल्कि शिक्षा और समाजसेवा के माध्यम से समाज में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले महान विचारक भी थे।
उनके प्रयासों से बाबू अनंत राम जनता कालेज कौल तथा पूंडरी हलके में अनेकों शिक्षण संस्थानों की स्थापना हुई। जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना रहा है। वे महिला शिक्षा के प्रबल समर्थक थे और बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सदैव समर्पित रहे।
प्राचार्य डाॅ. ऋषिपाल ने कहा कि ईश्वर सिंह ने शिक्षा के जिस दीप को प्रज्ज्वलित किया,उसकी लौ समाज को आगे बढ़ाने में हमेशा मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने ग्रामीण शिक्षा को सशक्त करने के जो प्रयास किए, वे अनुकरणीय हैं। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर नरेश आढ़ती, सुभाष गौड़ बंदराना, चमेल सिंह, कश्मीर सरपंच बरसाना, सुल्तान बरसाना भी उपस्थित रहे।