संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पंजाब सीमा से सटी अजीमगढ़ पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में वांछित बब्बर खालसा आतंकी हैप्पी पेसिया को हरियाणा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। हैप्पी को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। छह अप्रैल को पुलिस चौकी में हुए धमाके की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सदस्य हैप्पी पेसिया, गोपी नवांशहरिया और मन्नू अगवान ने ली थी।
अमेरिका में हैप्पी की गिरफ्तारी के बाद जिला पुलिस का कहना है कि आरोपी हैप्पी पेसिया को पंजाब आने के बाद वहां की पुलिस की सहायता से कैथल हमले के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। इसके लिए पंजाब पुलिस का सहयोग लिया जाएगा।
मालूम हो कि अजीमगढ़ चौकी पर हुए हमले को शुरुआत में पुलिस ने ग्रेनेड अटैक नहीं माना था। इस पूरे मामले में पुलिस चौकी के नाम की वजह से असमंजस की स्थिति पैदा हुई थी। खालिस्तानी आतंकियों ने जीनगढ़ पुलिस चौकी पर ग्रेनेड अटैक का दावा किया था जबकि इसका असली नाम अजीमगढ़ चौकी था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अजीमगढ़ चौकी में हुआ हमला कम तीव्रता का था। तीव्रता कम होने से यहां किसी का नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन राख फैल गई थी। पुलिस ने बब्बर खालसा ग्रुप से जुड़े हैप्पी पासियां और मन्नू अगवान के खिलाफ केस दर्ज किया था।
अमेरिका में हैप्पी पेसिया के गिरफ्तार होने की सूचना मिली है। कैथल के मामले को लेकर आरोपी से पूछताछ की जाएगी। इसमें पंजाब पुलिस का सहयोग लिया जाएगा।
-कुलदीप बेनीवाल, डीएसपी, गुहला, कैथल