हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर महाराज के चार सौ साला प्रकाश शताब्दी समारोह को हरियाणा में भी चढ़दीकला के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा कमेटी की तरफ से पहले भी इस शताब्दी को समपिरत गुरुद्वारा साहब पातशाही 6वीं और 9वीं चीका, गुरुद्वारा ड्यूढ़ी साहब पातशाही 9वीं कुरूक्षेत्र, गुरुद्वारा थड़ा साहिब पातशाही 9वीं झीवरहेड़ी, गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथसर दादू साहिब सिरसा में समागम किए गए हैं। अब एक मई प्रकाश पर्व के दिन से शुरू हुए समागमों की लड़ी पूरा साल जारी रहेगी।
जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तहत आने वाले सभी गुरुद्वारों में श्री अखंड पाठ साहिब और गुरमति समागम किए जाएंगे और 400 साला शताब्दी को अलग ढंग के साथ मनाते हुए सभी गुरुद्वारों में मेडिकल कैंप लगाऐ जाएंगे, जिनमें अलग अलग बीमारियों के माहिर डाक्टर लोगों का चेकअप करेंगे। जरूरतमंदों को फ्री दवाइयां दी जाएंगी। दादूवाल ने कहा कि हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से धन गुरू तेग बहादुर महाराज के चार सौ साला प्रकाश दिहाड़े को श्रद्धा भावना के साथ मनाते हुए सोने व चांदी के ऐतिहासिक यादगारी सिक्के भी जारी किए जाएंगे, जिस को हरियाणा कमेटी के प्रबंध के तहत आने वाले गुरुद्वारों में संगतें प्राप्त कर सकेंगीं। दादूवाल ने कहा कि करोना महामारी के चलते बड़े नगर कीर्तन और बड़ी सभा के गुरमति समागम रद्द किए हैं लेकिन कोरोना महामारी के खत्म होते ही हरियाणा में बड़े शताब्दी समागम शुरू किए जाएंगे।