12वीं का परीक्षा परिणाम-रंग लाई विद्यार्थियों की मेहनत, प्रदेश में दसवें से चौथे नंबर पर लगाई छलांग
84.99 से बढ़कर 88.78 प्रतिशत पहुंचा परीक्षा परिणाम, बोर्ड ने घोषित नहीं किए टॉपर
जिले से 10979 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा, 9747 हुए सफल, 1020 की कंपार्टमेंट व 212 फेल
सोशल मीडिया पर लगी रही विद्यार्थियों व अभिभावकों की निगाहें, एक बजे रिजल्ट हुआ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएससी) की ओर से मंगलवार को दोपहर बाद 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस बार परीक्षा परिणाम राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रणाली के तहत घोषित किया गया है। ऐसे में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले बच्चों के नाम बोर्ड द्वारा घोषित नहीं किए गए हैं। हरियाणा शिक्षा बोर्ड के माध्यम से जिले के 10979 विद्यार्थियों ने इस बार परीक्षा दी थी। इनमें से 9747 बच्चे पास हुए हैं। 1020 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है और 212 बच्चे परीक्षा को पास नहीं कर सके। इस बार जिले का परीक्षा परिणाम 88.78 प्रतिशत रहा है। यह पिछले वर्ष की अपेक्षा साढ़े चार प्रतिशत अधिक है।
बीते वर्ष जिले में 12वीं का 84.99 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा था, जो इस बार बढ़कर 88.78 प्रतिशत तक पहुंच गया है। प्रदेश की बात करें तो कैथल का इस बार परीक्षा परिणाम में चौथा स्थान है, जबकि पिछले वर्ष कैथल का दसवां स्थान था। बीते वर्ष 13009 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 11056 बच्चे पास हुए थे।
इससे पहले हरियाणा बोर्ड की ओर से मंगलवार दोपहर करीब एक बजे 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसकी सूचना विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के जरिए सुबह ही मिल गई थी। सुबह से ही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम देखने के लिए मोबाइल पर नजर जमाए हुए थे। दोपहर एक बजे वेबसाइट पर लिंक आया और 12वीं का परीक्षा परिणाम देखने की बच्चों और अभिभावकों में होड़ लग गई। बेहतर परिणाम पर बच्चों ने जमकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कुछ बच्चे अपने विद्यालय में पहुंच गए, जहां पर विद्यार्थियों ने अध्यापकों व साथियो को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
वर्जन-
-इस बार कैथल जिले का 12वीं का परीक्षा परिणाम शानदार रहा है। बीते वर्ष की बजाय इस बार परीक्षा परिणाम में काफी सुधार आया है। बीते वर्ष 84.99 प्रतिशत परीक्षा परिणाम था, जो इस बार बढक़र 88.78 हुआ है। प्रदेश में परीक्षा परिणाम में कैथल चौथे नंबर पर है।
-विजय लक्ष्मी, जिला शिक्षा अधिकारी।
हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का परिणाम शत प्रतिशत, मीनाक्षी रही अव्वल
कैथल। हिंदू शिक्षा समिति की ओर से संचालित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल का कक्षा 12वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा पुष्प मालाएं पहनाकर और मुंह मीठा करवा कर स्वागत किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ममता कौशिक ने परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत आने पर सभी प्राध्यापकों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 35 विद्यार्थियों ने वार्षिक परीक्षा दी थी, जिसमें से 22 की मेरिट और बाकी सभी विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन से पास हुए। उन्होंने बताया कि प्रथम स्थान मीनाक्षी ने प्राप्त किया द्वितीय स्थान पर गौरव और तृतीय स्थान लक्ष्य ने प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित था।
एसएस बाल सदन स्कूल का परिणाम रहा शानदार, दीपिका रही प्रथम
कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित परीक्षा परिणाम में एसएस बाल सदन स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल के एमडी रविभूषण गर्ग ने बताया कि कक्षा बारहवीं में कुल 36 छात्रों ने परीक्षा दी। जिसमें सभी 21 छात्रों ने मेरिट सूची में नाम दर्ज करवाया। बाकी छात्र प्रथम श्रेणी से पास हुए। उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा दीपिका सैनी ने 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान किया। वहीं तरुण सैनी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान और यश ने 92.6 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। गर्ग ने बताया की विद्यालय के छात्र सुरजीत, लोकेश, आशिका, अमित कुमार, जाह्नवी सैनी, दिशा शर्मा, कोमल रानी, लक्ष्मी कौर, जतिन शर्मा, जतिन सैनी, अंतरिक्ष, मुस्कान ने मेरिट सूची में नाम दर्ज करवाया। विद्यालय के एमडी रविभूषण गर्ग ने कहा कि विद्यालय का शानदार परीक्षा परिणाम अध्यापकों को अथक मेहनत का परिणाम है। अध्यापक और अभिभावक इस पल का पूरे वर्ष से इंतजार करते हैं। आज का परीक्षा परिणाम विद्यालय के शानदार मेहनत का परिणाम है। इस अवसर पर राजरानी गर्ग, हिमांशु गर्ग, श्रेया गर्ग, कुसुम लता, सपना सिंगल मोनिका मलिक, शोभा सिंगला, मधु सैनी, पूजा सोनी, सुनीता रानी, केशव मोहन, सोनम भाटिया, सिमरन सैनी, सुमन सैनी, अंजना सैनी, कंचन रानी, मनिता रोहिला व गरिमा रानी मौजूद रही।