संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा रोडवेज विभाग का हैप्पी कार्ड बनाने वाला ऑनलाइन पोर्टल पिछले करीब छह महीने से बंद पड़ा है। इसके चलते हजारों पात्र लाभार्थी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से वंचित रह गए हैं। कार्ड बनवाने के लिए लोगों को बार-बार अटल सेवा केंद्रों और रोडवेज कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
पोर्टल बंद होने से पहले जिले में 32 हजार 60 लाभार्थियों के आवेदन लंबित पड़े हुए हैं, जिनमें से अब तक किसी को भी कार्ड जारी नहीं किया गया है। ये लाभार्थी रोजाना रोडवेज विभाग कार्यालय पहुंचकर अपने कार्ड की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
जिले में अब तक करीब 1 लाख 54 हजार हैप्पी कार्ड बनाकर वितरित किए जा चुके हैं। शुरुआत में लगभग 75 हजार कार्ड जारी किए गए थे, बाद में यह संख्या बढ़कर करीब डेढ़ लाख तक पहुंच गई। विभाग की ओर से गांव स्तर पर टीमें गठित कर कार्ड वितरण भी किया गया था। इसके अलावा पुराने और खराब कार्डों को भी बदला नहीं जा रहा है। करीब 500 से अधिक लोग खराब कार्ड बदलवाने के लिए रोडवेज कार्यालय पहुंच चुके हैं, लेकिन राहत नहीं मिली है।
कई बार जांच के बावजूद नहीं खुला पोर्टल ः अटल सेवा केंद्र संचालक रामभज ने बताया कि हैप्पी कार्ड का पोर्टल पिछले छह महीने से बंद पड़ा है। रोजाना पांच से सात लोग कार्ड बनवाने के लिए उनके केंद्र पर पहुंच रहे हैं। दिन में कई बार पोर्टल चेक किया जाता है, लेकिन वह नहीं खुल रहा। उन्होंने सरकार से पोर्टल चालू करने की मांग की, ताकि पात्र लोग योजना का लाभ उठा सकें।
अटल सेवा केंद्र के चक्कर काटकर थक गया : मुनेंद्र
भगत सिंह कॉलोनी निवासी मुनेंद्र ने बताया कि वह हैप्पी कार्ड के लिए कई बार अटल सेवा केंद्र जा चुका है, लेकिन हर बार यही बताया जाता है कि पोर्टल बंद है। वह छह बार से अधिक चक्कर काट चुका है और अब थक गया है। सरकार को पोर्टल खोलकर नए कार्ड बनाने चाहिए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
सात महीने पहले आवेदन, नहीं मिला कार्ड : मुकेश
गांव डोहर निवासी मुकेश ने बताया कि उसने करीब सात महीने पहले हैप्पी कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक कार्ड नहीं मिला। वह कई बार रोडवेज विभाग के कार्यालय के चक्कर काट चुका है, लेकिन हर बार यही जवाब मिलता है कि कार्ड अभी तक नहीं आया है।
हैप्पी कार्ड योजना
n
हरियाणा सरकार की अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड जारी किया जाता है। योजना की घोषणा मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले की गई थी, जबकि इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया था।
n
इस योजना के तहत कार्डधारक प्रति वर्ष 1000 किलोमीटर तक हरियाणा रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकता है। कार्ड के लिए लाभार्थी से 50 रुपये शुल्क लिया जाता है, जबकि 79 रुपये का वार्षिक रखरखाव खर्च सरकार वहन करती है।
आवेदन का पोर्टल मुख्यालय की तरफ से चलता है। यहां पर जो हैप्पी कार्ड आए थे। वह सभी लाभार्थियों को वितरित कर दिए है। एक लाख 54 हजार के करीब हैप्पी कार्ड बन चुके हैं। रोडवेज विभाग की तरफ से लाभार्थी को दे दिया गया है।
-विपुल, ट्रैफिक मैनेजर रोडवेज कैथल