सीवन। गुहला विधायक देवेंद्र हंस ने बुधवार को विधानसभा सत्र में अपने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से सीवन और गुहला की जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है, जबकि सरकार केवल दिखावटी कार्यों तक सीमित है।
विधायक ने सबसे पहले सीवन नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सफाई का जिम्मा निजी कंपनी सुगम स्वच्छता प्रा. लि. को सौंपा गया है, लेकिन कंपनी के पास पर्याप्त वाहन और संसाधन नहीं हैं। नतीजा यह है कि गली-गली कचरे के ढेर हैं और लोग स्वच्छता के बुनियादी अधिकार से वंचित हैं।
इसके बाद उन्होंने आठ साल से अधूरे पड़े सीवरेज प्रोजेक्ट को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। हंस ने कहा कि नगर की सड़कें खोदी पड़ी हैं, नालियां टूटी हुई हैं और गंदा पानी घरों के बाहर भर रहा है, लेकिन न तो ठेकेदार जिम्मेदार ठहराया गया और न ही कोई अधिकारी जवाबदेह है। कैथल-चीका-पिहोवा मार्ग को जर्जर और संकरा बताते हुए इसे तत्काल चार लेन का बनाए जाने की मांग भी की। संवाद