संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। सीवन स्थित प्राचीन श्री नागा बाबा तीर्थ स्थल के तालाब में चल रहे निर्माण कार्य का स्थानीय विधायक देवेंद्र हंस ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब और निर्धारित मानकों से काफी नीचे पाई गई, जिस पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई।
तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के नाम पर किए जा रहे कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग होता देख विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को तलब किया और कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण में सामने आया कि निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सीमेंट व अन्य सामग्री गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही थी। इसके साथ ही कार्य की फिनिशिंग, संरचनात्मक मजबूती और तकनीकी मानकों की भी अनदेखी की जा रही थी।
इस पर विधायक देवेंद्र हंस ने नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर (जेई) को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है।
देवेंद्र हंस ने कहा कि श्री नागा बाबा तीर्थ स्थल केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है। ऐसे में इसके विकास कार्यों में लापरवाही जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ के समान है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिक भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने निर्माण की खराब गुणवत्ता को की शिकायतें की थीं। विधायक की सख्ती के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अब निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।
गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश
विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि पूरे निर्माण कार्य की पुनः जांच कराई जाए और जहां-जहां मानकों का उल्लंघन हुआ है, वहां कार्य को तोड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए। साथ ही भविष्य में निर्माण कार्य में केवल उच्च गुणवत्ता की सामग्री के प्रयोग और नियमित तकनीकी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।