संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। आस प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट, कैथल ने युवा सामाजिक कार्यकर्ता गुरुदेव सिंह बड़सीकरी को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला अवार्ड से सम्मानित किया। उन्हें विशेष रूप से शिक्षा, रक्तदान, शरीर दान और युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा से जोड़ने के अभियान “नशा छोड़ो, जिंदगी बचाओ, शिक्षा पाओ” के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने के लिए यह सम्मान दिया गया।
गुरुदेव बड़सीकरी ने यह सम्मान अपनी टीम बसवा टीम को समर्पित किया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम गांव-गांव जाकर चौपालों को पुस्तकालय में बदलती है। टीम ने हरियाणा में 65 पुस्तकालय स्थापित करने में सहयोग किया, जिससे 364 बच्चों को सरकारी नौकरी मिली। इसके अलावा, 13 गरीब लड़कियों की शादी में आर्थिक मदद की और 24 बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
नशा मुक्ति और जागरूकता अभियान:
गुरुदेव बड़सीकरी की अध्यक्षता में चलाए गए नशा छोड़ो, जिंदगी बचाओ, शिक्षा पाओ अभियान के तहत 368 किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकालकर 80 गांवों के लोगों को जागरूक किया गया। 2023 से अब तक उन्होंने कैथल, फरीदाबाद और गुड़गांव में 500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को प्रेरित किया। गुरुदेव बडसीकरी स्वयं 21 बार रक्तदान कर चुके हैं और उन्होंने अपना शरीर दान करके भी समाजसेवा के प्रति युवाओं को प्रेरित किया है।