संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। क्षेत्र सहित आसपास के अनेक गांवों में गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरु जी से जुड़े आश्रमों, मंदिरों और प्रमुख स्थलों पर सुबह से ही हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन और भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गांव फरल स्थित श्री फल्गु तीर्थ पर बने गुरुब्रह्मानंद मंदिर में समाजसेवी डॉ. खुशबीर कौशिक की ओर से विधिवत हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों ने भी भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में गुरु ब्रह्मानंद महाराज की जय-जयकार गूंजती रही, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसी क्रम में पूंडरी स्थित गुरु ब्रह्मानंद चौक पर दुकानदारों तथा बलबीर ठेकेदार, प्रधान ओमप्रकाश गोलन, फतेह सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिकों के सहयोग से सामूहिक हवन-यज्ञ किया गया। हवन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए देसी घी की जलेबी का भंडारा लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसके अलावा पूंडरी स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण क्षेत्र के स्वामी श्रद्धानंद पार्क में भी गुरु जी की
जयंती के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया।
इस मौके पर डॉ. खुशबीर कौशिक ने गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जी ने सादा जीवन, उच्च विचार, सेवा, सदाचार और समाज में समानता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
जन्मोत्सव पर गांव बरसाना, सिरसल, आहूं, सांच, रसीना, ट्योंठा, मोहना, फतेहपुर, संगरोली सहित अनेक गांवों में भी श्रद्धापूर्वक हवन-यज्ञ और भंडारों का आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।