किसानों ने डुलयानी में अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
मुआवजा राशि बढ़ाने की कर रहे थे मांग
फोटो संख्या-38
माईसिटी रिपोर्टर
पूंडरी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले शनिवार को गांव डुलयानी में किसानों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। ये किसान एनएच-152 डी के लिए जारी किये गए मुआवजा राशि को बढ़ाने की मांग कर रहे है। किसानों का नेतृत्व करते हुए किसान नेता राजेंद्र आर्य दादूपुर ने कहा कि सरकार ने 152 डी के लिए जो अवार्ड जारी की है उसमें भूमि अधिग्रहीत एक्ट 2013 के नियमों को खुलकर उल्लंघन किया गया है। एक्ट में मुआवजा मार्केट रेट को आधार मानकर देने की बात कही गई है। जिसके हिसाब से किसानों को दो करोड़ रुपये प्रति एकड़ मिलना चाहिए, जबकि किसानों को दिया जाने वाला मुआवजा काफी कम है। आर्य ने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों को नहीं माना तो वे अपने आंदोलन को तेज करेंगे और 8 सितंबर को रोहतक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्हें अपनी मांगों को ज्ञापन सौंपने का काम भी करेंगे। इन्हीं मांगों को लेकर जिला कैथल के 16 गांवों के किसान पिछले 26 दिन से अलग-अलग गांवों में धरना दे रहे है और इसी क्रम में शनिवार को किसानों ने डुलयानी में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार से मांग की है कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाये। इस मौके पर प्रवीण कुमार, केसाराम, राजेंद्र कौल, मोहित डुलयानी, बिल्लू, प्रवीण, रोशन व मास्टर दिलीप कौल कई किसान मौजूद थे।