कैथल। हरियाणा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर महासंघ ने मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और लोक निर्माण मंत्री के निवास पर कर्मचारियों के शिष्टमंडल ने ज्ञापन सौंपा।
महासंघ के कर्मचारी हनुमान वाटिका से हिसार-चंडीगढ़ मार्ग से प्रदर्शन करते हुए लोक निर्माण मंत्री के निवास पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने लोक निर्माण मंत्री के निवास पर जमकर नारेबाजी की। बरसात के बावजूद कर्मचारी नेता सड़क पर डटे रहे और सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
इससे पूर्व जिला अध्यक्ष सतपाल राविश की अध्यक्षता में हनुमान वाटिका में कर्मचारी नेताओं की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सतपाल राविश ने कहा कि विभाग में सरकार निजीकरण की नीति अपनाकर कर्मचारियों को लगा रही है और हजारों कर्मचारी अस्थायी हैं।
हाकम सिंह खनौदा ने कहा कि महासंघ कई बार आंदोलन कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद सरकार कुछ नहीं कर रही है। इसके कारण कर्मचारियों में रोष है। प्रदेश महासचिव वीरेन्द्र धनखड़ व कुलभूषण शर्मा ने कहा कि विभाग में लाखों पद खाली पड़े हैं तथा कर्मचारी कच्चे है, जिनका वेतन करीब 15 हजार रुपये कम से कम होना चाहिए। रोडवेज में प्राइवेट बसों को न थोपा जाए।
कर्मचारी नेता दिलबाग अहलावत, पहन सिंह तंवर, सूरजभान श्योकंद, शमशेर सिंह, रमेश शर्मा, उदय सिंह, इकबाल सिंह, राम सरूप, रमेश ने कहा कि नव निर्वाचित केंद्रीय परिषद के फैसले अनुसार यह प्रदर्शन कर मंत्री को ज्ञापन दिया गया। उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया के निवास गुड़गांव में विरोध प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा जाएगा।