Gravel uprooted from the roads due to waterlogging, two wheeler riders slipping and falling
- फोटो : Kaithal
शहर में कई दिनों से बारिश होने पर सड़कों पर पानी भरा है। जलभराव से सड़कें उखड़ने लगी हैं। कई सड़कों से बजरी और पत्थर उखड़कर काफी दूर तक फैल गई हैं। बजरी के ऊपर से दो पहिया वाहन गुजरते हैं तो वाहन के फिसल जाता है और वाहन पर सवार लोग गिर जाते हैं। ऐसा ही हाल लघु सचिवालय से ढांड रोड पर जाने वाली सड़क पर देखने को मिल रहा है। इस सड़क पर पिछले एक सप्ताह से बरसात का पानी जमा हो रहा है। इस कारण से पूरी सड़क उखड़ने लग गई है और सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो जलभराव में पता ही नहीं चलते हैं।
इसी प्रकार से करनाल रोड रेलवे फाटक के पास कई गड्ढे बने हैं, जींद रोड नागरिक अस्पताल के पास, करनाल रोड पेट्रोल पंप के पास और भी शहर में कई जगहों पर ऐसी स्थिति है। जो लोगों के साथ हादसे का कारण बन रही हैं। राहगीर साहिल, दिनेश, सुमित, अंकित, दीपेंद्र, सुभाष, सुरेश का कहना है कि सड़कों पर बिखरी बजरी से वाहन फिसलते हैं। कई लोग यहां पर चोटिल भी हो चुके हैं। एकदम से वाहन गड्ढे में गिरता है तो वाहन में भी नुकसान होने की संभावना रहती है। उन्होंने जल्द से सड़कों की रिपेयर करने की मांग की है।