गांव कोटड़ा के ग्राम सरपंच और सचिव के खिलाफ पुलिस ने अदालत के आदेश पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। दोनों पर ग्राम विकास के लिए आई लाखों रुपये की ग्रांट को हड़पने का आरोप है।
गांव वासी जयदेव द्वारा अदालत में दायर याचिका में सरपंच चंद्रशेखर द्वारा गांव में विकास कार्यों के लिए आए सरकारी पैसे का दुरुपयोग करने के बारे में दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। इन पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने सरपंच चंद्रशेखर के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार सरपंच चंद्रशेखर ने गांव मेें पहले से निर्मित गली को बिना बनाए ही खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के कर्मियों से मिलीभगत कर पास करवा लिया। वहीं गांव में स्थित परशुराम भवन में टाइल लगाकर चहारदीवारी लगाने तक का प्रस्ताव पारित कर पैसे हड़प गया। इतना ही नहीं कोटड़ा पंचायत में नियुक्त ग्राम सचिव हरीश ने पंचायत के रिकार्ड को पूरा करने में सरपंच का पूरा साथ दिया।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि सरपंच ने गांव में 30 सोलर लाइटें 1,44,000 रुपये में खरीदकर लगाई दिखाई हैं। कहीं वहीं गली को बिना बनाए 49,000 रुपये तो कहीं 57,609 रुपये, 3,82,000 खर्च हुए दिखाए। पुलिस ने सरपंच चंद्रशेखर, ग्राम सचिव हरीश के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।