संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मां वैष्णो सेवा समिति ने जम्मू कश्मीर में कटरा में लगने वाले 17वें वार्षिक भंडारे के लिए सामग्री बुधवार को यहां से रवाना की। इससे पूर्व कोठी गेट स्थित मंदिर में हवन कर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
नई अनाज मंडी से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ फिर हिंदू स्कूल, कबूतर चौक, जनता मार्केट, भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड़, पुराना बस स्टैंड, पिहोवा चौक होते हुए सनातन धर्म मंदिर पर इसका समापन हुआ। इसमें माता रानी की झांकी निकाली गई और नई अनाज मंडी में पैदल यात्रा करके नीटू चचंल ने माता की भेंटे गाते हुए सहयोग मांगा। शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने भंडारा लगाकर प्रसाद वितरित किया। यात्रा के उपलक्ष्य में हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत, नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग व भाजपा नेता सुरेश गर्ग नौच ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस यात्रा में भंडारा सामग्री के लिए 20 गाड़ियां व 500 श्रद्धालु बसों में रवाना हुए। इस भंडारा में 15 ट्रक राशन के लिए वितरित किए। भंडारा व माता की चौकी का गुणगान किया जाएगा और 29 दिसंबर से नए साल की पहली जनवरी तक यह भंडारा लगाया जाएगा। समिति के प्रधान कुलदीप शर्मा ने बताया कि माता वैष्णो देवी पर दर्शनों के लिए जाने वाले भक्तों के लिए चार जगहों पर भंडारे लगाएं जाएंगे। इसमें पहला भंडारा बाण गंगा, दूसरा भंडारा चरण पादुका मंदिर, तीसरा भंडारा भूमिका मंदिर और चौथा भंडारा सांझी छात पर लगाया जाएगा।