संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वयं सहायता समूहों से लोन की राशि की किस्तें लेकर दो आरोपियों ने बैंक में जमा नहीं करवाई और स्वयं हड़प गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंडसइंड बैंक स्थित भारत फाइनेंशियल इंक्लुजन लिमिटिड के शाखा प्रबंधक बिट्टू ने शहर थाना में शिकायत दी कि उनकी कंपनी इंडसइंड बैंक लिमिटिड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी को इंडसइंड बैंक ने अपने बिजनेस कोर्सपोंडेंट के रूप में नियुक्त किया है। कंपनी ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में महिलाओं को लोन देकर उनको सहायता प्रदान करती है और इसके फील्ड ऑफिसर महिलाओं को लोन देने व उनकी किस्तों के कलेक्शन का कार्य करते हैं।
बिट्टू ने शिकायत में बताया कि कमलगढ़ जिला फिरोजपुर पंजाब निवासी गुरपिंदर सिंह व बठोर खुर्द दमेश नगर पटियाला पंजाब निवासी हरजीत सिंह उनकी कंपनी में फील्ड ऑफिसर का कार्य करते थे। आरोपियों ने शहर व कुछ गांवों में स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को लोन जारी किए हुए थे। आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिलाओं से झूठ बोलकर बड़ा लोन देने का झांसा देकर कुछ महिलाओं से जो लोन चल रहा था उसके एक साथ सारे पैसे नकद ले लिए और कुछ महिलाओ से किस्त के पैसे लेकर शाखा में जमा नहीं कराए।
बिट्टू ने शिकायत में यह भी बताया कि जब उन्होंने आरोपी कर्मचारियों की व ऋण लेने वाली महिला से बैठक की तो कुछ महिला सदस्यों ने कहा कि हमारा बड़ा लोन कब आएगा। इस पर उसे शक हुआ और आरोपियों से पूछताछ
की तो पता चला कि राशि को गबन किया गया है।
दोनों आरोपियों ने सात लाख 42 हजार 366 कंपनी के पास जमा नहीं करवाए। गुरपिंदर सिंह ने छह लाख 72 हजार 645 रुपये व हरजीत सिंह ने 69 हजार 721 रुपये का गबन किया। जब इस संबंध में आरोपियों से संपर्क किया तो वे रुपये देने से मना कर गए। ऐसा करके आरोपियों ने धोखाधड़ी व अमानत में ख्यानत की है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।