कलायत। शिमला गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने बुधवार को अपना 75वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा पोस्टर मेकिंग, रंगोली, मेहंदी, भाषण व निबंध लेखन जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने मिलकर परिसर में 200 छायादार, फूलदार एवं फलदार पौधे लगाए। प्राचार्या रश्मि भारद्वाज ने बताया कि इसकी स्थापना 15 जुलाई 1951 को एक प्राथमिक विद्यालय के रूप में हुई थी। इसे 1972 में हाई स्कूल तथा 2005 में वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक उन्नत किया गया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय स्थानीय शिक्षा का मजबूत स्तंभ रहा है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य फूल सिंह मोर ने कहा कि शिक्षा हमें अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाती है और यह विद्यालय पिछले 75 वर्षों में अनेक पीढ़ियों को शिक्षित कर समाज निर्माण में योगदान दे दे रहा है। संवाद