समूह नृत्य में रा.व.मा. विद्यालय शेरगढ़ अव्वल
कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ
फोटो - 30 से 32 तक
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन रागनी गायन, समूह नृत्य एवं एकल नृत्य स्पर्धाएं हुईं। समूह नृत्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़ की टीम विजयी रही।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी ने किया। इस मौके पर शमशेर सिंह सिरोही ने बताया कि कार्यक्रम में छह ब्लॉकों से 33 टीमें भाग ले रही हैं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाली टीमों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विजेता टीमों को शिक्षा विभाग की ओर से नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि पहले दिन रागनी गायन, समूह नृत्य एवं एकल नृत्य स्पर्धाएं करवाई गई। सभी खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कैंदल, सुरेश कैंदल, संजय शर्मा व गिरीश शर्मा भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन रागनी गायन में पांचवी कक्षा से आठवीं कक्षा तक के जूनियर ग्रुप में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्योड़क की टीम प्रथम रही। द्वितीय स्थान पर पाई एवं तृतीय स्थान बाबा लदाना की टीम को मिला।
समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़ की टीम को मिला, द्वितीय स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखोली अड्डा की टीम ने प्राप्त किया, जबकि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में प्रथम स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़, द्वितीय स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा व तृतीय स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद ने प्राप्त किया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र राठौड़, प्रदुम्न भल्ला ने किया। इस अवसर पर प्रवीण थरेजा व सुरेश कुमार भी मौजूद रहे।