संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत अनाज मंडी में विधानसभा चुनाव मतदान के साथ ही पीआर धान खरीद कार्य से कार्य बंद है। जबकि कैथल व गुहला में खरीद कार्य जारी है। कलायत में तीन दिन से मंडी मेंं धान खरीद कार्य बंद है। तेजी से आवक के चलते मंडी में स्थान अभाव की समस्या बढ़ती जा रही है।
नाराज किसानोंं और व्यापारियों का कहना है कि चुनाव मतदान दिवस से पीआर धान खरीद का कार्य बंद है। हालांकि मंडी मेंं अब तक 22 हजार क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। इसमें से बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को केवल 6081 क्विंटल धान खरीद तो गया लेकिन उठान इसका भी नहीं हुआ।
रमेश कुमार, महीपाल, सुनील कुमार और अन्य किसानों ने बताया कि पीआर धान के लिए सरकार ने एमएसपी 2320 रुपये निर्धारित किया है लेकिन इस धान को औने-पौने दामोंं पर खरीदने का दबाव बनाकर मंडी में खरीद कार्य बंद है। किसान और व्यापारी साफ तौर से कह चुके हैं कि वे निर्धारित दाम से कम मेंं एक दाना भी नहीं बेचेंगे। जो मुनाफाखोर 1500 से 2000 के बीच धान खरीद की योजना बुन रहे हैं उसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।
खरीद कार्य शुरू करे एजेंसियां : प्रधान ः मंडी प्रधान सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि वे धान खरीद को लेकर संबंधित एजेंसियों ने संपर्क कर चुके हैं। अधिकारी यह तर्क दे रहे हैं कि मिलर्स फिलहाल धान खरीद नहीं कर रहे। उन्होंने प्रभावी ढंग से धान खरीद की मांग की।
दो एजेंसियों के पास खरीद की जिम्मेदारी ः कलायत मार्किट कमेटी सचिव अरविंद श्योकंद ने बताया कि मंडी मेंं वेयर हाउस और हैफेड को पीआर धान खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन दिन से एजेंसियां मंडी में धान खरीद के लिए नहीं पहुंच रही। इसके मद्देनजर उनके द्वारा संबंधित एजेंसियों से संपर्क साधा गया। स्थिति से शीर्ष अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है।