गांव लालपुर के दर्जनों लोगों ने गांव में आई सरकारी ग्रांट प्राइवेट जमीन पर लगाने का आरोप लगाया है। तीन लाख रुपये की यह ग्रांट पूर्व विधायक दिल्लू राम बाजीगर ने मुख्यमंत्री कोटे से गांव में रॉ सिख बिरादरी की चौपाल बनाने के लिए जारी करवाई थी।
गांव वालों का आरोप है कि इस राशि से सरपंच ने एक निजी प्रॉपर्टी पर चौपाल बनानी शुरू कर दी है। ग्रामीण बलविंद्र सिंह की अगुवाई में एसडीएम गुहला से मिले व उक्त निर्माण को रोकने की अपील की। गांव वालों का कहना था कि चौपाल एक साझी जगह होती है इसीलिए वह पंचायत की जमीन पर ही बननी चाहिए। गांव वासी प्रधान सिंह ने कहा कि एक निजी प्रॉपर्टी पर चौपाल बनने से गांव के बहुत से लोग वहां नहीं जा पाएंगे।
सरपंच को तलब करने के आदेश : एसडीएम राजेश कुमार प्रजापति ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार गुहला को गांव के सरपंच को तुरंत तलब करने के आदेश दिए हैं। इन आदेशों में कहा गया है कि बीडीपीओ गुहला मामले की पड़ताल करके तुरंत उचित एक्शन लें।