संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रामजन्म भूमि अयोध्या में रामलला की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा पर दो माह तक भंडारा लगाने वाली गोरखनाथ भंडारा सेवा समिति कैथल अब रामनवमी के उपलक्ष्य में पुन: अयोध्या में भंडारा लगाएगी। इस बार यह कार्यक्रम राम नवमी के उपलक्ष्य में नौ दिन तक चलेगा।
वीरवार को हरियाणा प्रदेश राइस मिलर्स डीलर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष, भंडारा समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी अमरजीत छाबड़ा व राजन भगत ने निरंजन पुरी महाराज व रमन पुरी महाराज के पावन सानिध्य में शहीदी स्मारक के सामने स्थित समिति के कार्यालय से भंडारा सामग्री को हरी झंडी दिखा रवाना किया।
इस दौरान समूचा क्षेत्र भगवान श्रीराम व मां भगवती के जयकारों से गूंज उठा। प्रदेशाध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने कहा कि अयोध्या धाम में श्रीरामनवमी व नवरात्र पर्व के चलते लगातार नौ दिनों तक विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा और समिति इसी प्रकार समाजहित व धार्मिक कार्यों में सहयोग की आहुति अर्पित होती रहेगी। उन्होंने सभी भक्तजनों को बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और नि:स्वार्थ भाव से की गई सेवा का फल हमेशा मीठा होता है।
प्रधान रामजी सैनी ने कहा कि दो माह तक लगाए भंडारे के बाद श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने एक सप्ताह के लिए फिर से भंडारे के लिए अपील की थी। उसी अनुसार समिति द्वारा एक सप्ताह तक फिर से अयोध्या में भंडारा लगाया जाएगा। इस बार अयोध्या के राजा के महल के सामने सरयू नदी मार्ग पर यह भंडारा लगाया जाएगा। इस मार्ग से श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान करके भगवान श्रीराम लला के उनके मंदिर में जाकर दर्शन करते हैं।
इस मौके पर भंडारा समिति अध्यक्ष रामजी सैनी, कस्तूरी लाल चेयरमैन, सुरेश अरोडा उपप्रधान, शशि सैनी, अमित नरूला, टोनी सैनी, अभिषेक गोयल, हर्ष गोयल, कृष्ण धारीवाल, नरेश जिंदल, नीरज सिंगला, प्रयाग राज, शमशेर सैनी सहित आदि मौजूद रहे।
भगवान श्रीराम हम सबके अराध्य हैं। उनकी सेवा में जाने का जिन श्रद्धालुओं को अवसर मिल रहा है, वे सौभाग्यशाली हैं। रामजी सैनी व उनकी टीम इस बात के लिए बधाई की पात्र है। -महंत रमनपुरी