कैथल। सेवा पखवाड़ा के तहत वीरवार को एसपी उपासना के निर्देशानुसार एसएचओ ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान टीम ने छात्रावास रोड, कबूतर चौक, भगत सिंह चौक, रेलवे गेट तथा चन्दाना गेट कैथल क्षेत्र में दुकानदारों को सड़क पर दुकान के बाहर सामान न रखने के संबंध में जागरूक किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दुकानों के बाहर रखे गए सामान को उठाकर दुकानदारों से उसे दुकान के अंदर रखने के लिए कहा तथा भविष्य में सड़क पर कोई भी अवैध रूप से सामान न रखने की हिदायत दी। प्रवक्ता ने बताया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से सामान रखने से न केवल पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है बल्कि यातायात भी प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
इस दौरान एसएचओ ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि सभी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित व सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। संवाद
उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे सहयोग करते हुए अपने आसपास स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।