कैथल। चीका थाना क्षेत्र के एक गांव से 20 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन न तो वह कॉलेज पहुंची और न ही देर शाम तक घर वापस लौटी। परिजनों के अनुसार 13 अप्रैल की सुबह करीब नौ बजे युवती बीए की पढ़ाई के लिए कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद गांव के लोगों के साथ मिलकर भी युवती की खोजबीन की गई, मगर उसका सुराग नहीं लगा। चीका थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर युवती के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है। संवाद