कैथल। भाजपा नेता के भतीजे के घर एक करोड़ से अधिक की चोरी की घटना के बाद एसपी मकसूद अहमद ने मकान मालिकों को किरायेदारों और नौकरों की जांच पड़ताल करने का आह्वान किया है। एसपी ने कहा कि मकान मालिक अपने घरों में किरायेदार और नौकर रखने से पहले उनका पुलिस से सत्यापन अवश्य करवाएं। नौकरों और किरायेदारों की जांच पड़ताल न होने के कारण कई बार बड़ी आपराधिक घटनाएं हो जाती हैं। एसपी ने कहा कि अन्य जगहों से अपराधी प्रवृति के लोग आकर किरायेदार और नौकर मकान में रहने लगते हैं। बाद में मौका पाकर चोरी, डकैती व हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं और फरार हो जाते हैं। उनका कोई अता पता नहीं होने के कारण वारदात सुलझाने में भी दिक्कत आती है। अगर पुलिस के रिकॉर्ड में ऐसे लोगों की जानकारी पहले से ही मौजूद रहे तो उन पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी आपराधिक वारदात की पुनरावृत्ति नहीं होगी। इसलिए घरेलू नौकर और किरायेदार रखने से पहले मकान मालिक पुलिस को सूचना दें ताकि उसके बारे में पूरी तरह जांच पड़ताल की जा सके। मकान मालिकों द्वारा मकान को किराये पर देने से पहले किरायेदार का पूर्ण नाम, पता, मोबाइल नंबर के साथ स्थानीय पुलिस से उसकी जांच पड़ताल करवाकर ही अपने घरों में रखें। इसके अलावा पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से यह भी आग्रह किया गया है कि अगर उनके घर के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति और संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।