संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ड्योढ़ खेड़ी गांव में गीता जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं व ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने शिरकत की।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती जैसे कार्यक्रम न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भारतीय ज्ञान, मूल्य और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा, “गीता कोई युद्ध-ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और आधुनिक युग की सबसे प्रभावी थेरेपी है। श्रद्धा से ही ज्ञान प्राप्त होता है, यह गीता का मूल संदेश है।”
मुनीष कठवाड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा कुरुक्षेत्र से गीता महोत्सव का शुभारंभ किया गया है। गीता हर समस्या का सरल और शक्तिशाली समाधान प्रदान करती है। उन्होंने ग्रामीणों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने वाला यह कार्यक्रम उनके लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर वर्ष कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन करवा रहे हैं। इसके साथ ही जिला स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम में गुरु शांति दास, सरपंच राजेश कुमार, रणधीर, बचना राम, सोमप्रकाश, ओमप्रकाश, पोलू नंबरदार, गजे सिंह, राजबीर, जसबीर, पदम भाटी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।