संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सेक्टर 20 स्थित सामुदायिक भवन में वीरवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा-जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि रहे। कार्यक्रम में लोगों को योजनाओं की जानकारी दी व पात्र व्यक्तियों को लाभ प्रदान किया।
भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा-जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अब दोबारा से नगर पालिका क्षेत्रों में भी इस यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा का उद्देश्य यही है कि सभी वर्गों के लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। राव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल देश व प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास नीति पर कार्य कर रहे हैं। किसी भी क्षेत्र के साथ कोई भी भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
बिजली, पानी, शौचालय, सामुदायिक भवनों, सीवरेज व्यवस्था आदि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही है। जगमग योजना के तहत 24 घंटे लाइट प्रदान की जाती है, वहीं हर घर नल व हर नल में जल की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से ऑनलाइन और ऑटोमेटिक ही 60 वर्ष पूरी करने के बाद पेंशन बन जाती है। लोगों को यह सुविधा ऑनलाइन उनके नजदीकी सीएससी के माध्यम से प्राप्त हो जाती है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना मियां सिंह, राजकुमार, स्वनिधि योजना के तहत विजय, प्रीतम, मनीष गर्ग को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं नगर परिषद से तरूण वर्मा, बलजीत व रविंद्र को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर सुरेश गर्ग नौच, एलडीएम एसके नंदा, नगर पालिका सचिव पवन कौशिक, राजकली, विशाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।