संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महाराजा सूरजमल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता जारी है। शनिवार को दूसरे दिन खो-खो व अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडि़यों को मैदान में कंकड, बजरी, ईंट व पत्थरों के छोटे-छोटे नुकीले टुकड़ों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण कई खिलाड़़ी चोटिल हुए और अपने हाथ से पैरों से नुकीले कंकड़ पत्थर भी निकालते नजर आए।
गंभीर रूप से चोटिल खिलाड़ियों को अन्य साथियों ने अपने कंधों पर उठाकर प्राथमिक उपचार करवाया। उनका कहना था कि मौके पर एंबुलेंस तक नहीं थी।
खेलों में भाग लेने आए खिलाड़ियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे अलग-अलग जगहों से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहुंचे थे।
प्रतियोगिता के दौरान उनके मैदान में कंकड़ व पत्थरों के नुकीले टुकड़े पांवों में चुभ गए।
उनके पैर घायल हो गए। वहीं, रविवार को भी इस मैदान में लड़के व लड़कियों के एथलेटिक्स मुकाबले होंगे। इस संबंध में जिला एईओ खेल रमेश चहल ने बताया कि जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन से पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग में एंबुलेंस के लिए पत्र भेजा गया था लेकिन समय पर गाड़ी नहीं पहुंची।
साथ में उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिता से मैदान की सफाई करवाई गई थी। अभी भी मैदान में घास की कटाई का कार्य चल रहा है।