नये साल के पहले दिन सीआईए-1 पुलिस ने पटियाला रोड चीका स्थित एक फार्म हाऊस पर मोटे कमीशन की एवज में जुए का अड्डा चला रहे शातिर सरगना सहित 12 आरोपियों को काबू करके एक इंटरस्टेट गैंबलर रेकेट का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 13 हजार रुपये नकदी, तीन ताश गड्डी तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त पासे तथा टोकन बरामद करके आरोपियों की 5 मारूती बोलेनो, डिजायर, स्वीफ्ट, अल्टो, तथा जीप कार, एक स्कूटी तथा 13 महंगे मोबाइल फोन जब्त किये है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-एक प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में टीम एक जनवरी की रात बस अड्डा गांव पीडल में मौजूद थी, जहां सूचना मिली कि राजकुमार उर्फ राजु निवासी प्रोफेसर कालोनी चीका आस-पास के एरिया के लोगों को चीका से पटियाला रोड पर कैनरा बैंक के सामने एक फार्म हाउस पर कमीशन लेने की आड़ में जुआ खिलवाता है। इसके बाद टीम ने सर्च वारंट के साथ फार्म हाउस में प्रवेश किया। जहां 5 गाड़ियां और एक स्कूटी खड़ी थी। पुलिस ने मौके से राजुकमार उर्फ राजू वासी प्रोफेसर कालोनी चीका को काबू किया, जिसके पास से 12 जुआ खेलने के पासे तथा विभिन्न अंक लिखे हुए टोकन प्लास्टिक मिले। इसके अलावा जुआ खेल रहे आरोपियों में प्रिंस जिंदल वासी हुडा चीका के कब्जे से 80,000 रुपये तथा 10 का अंक लिखे 4 टोकन, वीवो तथा एप्पल मार्का के 2 मोबाइल फोन मिले। फिर तीसरे व्यक्ति राकेश निवासी सुनाम जिला संगरूर (पंजाब) के कब्जे से 50,000 रुपये तथा मोबाइल और 10 का अंक लिखे 4 टोकन बरामद हुए। चौथे आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार निवासी शक्ति नगर चीका बतलाया। जिसके कब्जे से 2200 रुपये तथा मोबाइल रिकवर हुआ। पांचवें आरोपी रमेश निवासी चीका के कब्जे से 3000 रुपये और मोबाइल मिला। आरोपी गुरजीत सिहं पटियाला के कब्जे से 34000 रुपये 50 का अंक लिखे 2 टोकन, 20 अंक लिखे 2 टोकन एक विवो रिकवर हुआ। सातवें आरोपी लक्ष्मण वासी समाना मंडी जिला पटियाला के कब्जे से 1000 रुपये 3 का अंक लिखे 4 टोकन व की-पैड रिकवर हुआ। आरोपी सुखचैन सिंह निवासी पटियाला के कब्जे से 50000 रुपये तथा 10 का अंक लिखे 5 टोकन और मोबाइल बरामद हुआ, जबकि नौवें आरोपी गोविंद लाल वासी समाना के कब्जे से एक लाख रुपये 2 का अंक लिखे हुए 4 टोकन व एक मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी राजेंद्र निवासी सेक्टर-19 कैथल के कब्जे से 10000 रुपये 20 का अंक लिखे 4 टोकन तथा दो मोबाइल फोन रिकवर हुए। ग्यारवें आरोपी उमेश कुमार वासी गुरु तेग बहादुर कालोनी कैथल के कब्जे से 60000 रुपये व 50 का अंक लिखे 2 टोकन तथा फोन बरामद हुआ। एसपी ने बताया 12वें आरोपी शशीपाल वासी समाना मंडी के कब्जे से 3600 रुपये 10 का अंक लिखे 5 टोकन व एक फोन रिकवर हुआ। एक से 20 अंक तक लिखे टोकनों की मार्फत सरगना द्वारा नकदी का लेन-देन किया जाता था, जिसमें टोकन पर लिखे हुए अंक समान ही उतने हजार रुपये कीमत का टोकन तय होता था। जबकि ताश व पासों के साथ अपनी-अपनी इच्छानुसार जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने तीन जोडी ताश, 7 पासे रंग नीला, 3 पासे रंग हरा, 6 पासे रंग पीला, दो डोल्ली, 20000 रुपये नकदी सहित कुल 5 लाख 13 हजार रुपये नकदी बरामद हुई।